दैनिक जागरण के 'कैसे चले पैदल' अभियान के बाद प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए राजमार्ग सहित शहर के सभी प्रमुख चौक चौराहों पर जेबरा क्रासिंग बनवा दी हैं। इसके बाद अब लोगों को अपने कर्तव्य का पालन करते हुए यातायात नियमों का निर्वाह करना है। जेबरा क्रासिंग को ध्यान में रखते हुए वाहन चालक उससे पहले ही अपने वाहन रोकें ताकि पैदल चलने वालों को भी सड़क पर पूरा हक मिल सके। बता दें कि पिछले माह 12 जनवरी से दैनिक जागरण ने सड़क पर विभिन्न कारणों से पैदल यात्रियों को होने वाली दिक्कतों को उजागर करते हुए अभियान चलाया था। इसमें जेबरा क्रासिंग न होने के कारण पैदल यात्रियों को सड़क पार करने में आने वाली दिक्कतों को गंभीरता से उठाया गया था। उसके बाद निगमायुक्त डा. डी. सुरेश ने स्वयं शहर की विभिन्न सड़कों का जायजा लेकर अधिकारियों को जेबरा क्रासिंग बनवाने के आदेश दिए थे। पैदल यात्रियों को मिली राहत शहर की सड़कों पर जेबरा क्रासिंग बनने के बाद पैदल यात्रियों को काफी राहत मिली है। रामकुमार कहते हैं कि पहले सड़क पर पैदल चलने वालों को जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ती थी। सुरेंद्र कुमार का कहना है कि जेबरा क्रासिंग बनने के बाद पुलिसकर्मी भी वाहन चालकों को उससे पहले ही रुकवा लेते हैं, जिससे वे आसानी से सड़क पार कर लेते हैं। सुखबीर सिंह व राहुल का कहना है कि दैनिक जागरण ने पैदल यात्रियों ने के लिए अभियान चलाकर उनकी एक बड़ी समस्या का समाधान करवाया है। अजरौंदा चौक स्थित सहगल आटो के पंकज सहगल कहते हैं कि दैनिक जागरण के अभियान के बाद उन्होंने भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए प्रमुख चौक चौराहों पर जेबरा क्रासिंग से पहले वाहन रोकने संबंधी बोर्ड लगवाए हैं। जागरण लोगों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ उन्हें जागरूक करने का भी काम कर रहा है। चलेगा विशेष अभियान: एसीपी एसीपी (ट्रैफिक) विजय प्रताप सिंह से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने दैनिक जागरण को इस अभियान की कामयाबी के लिए बधाई देते हुए कहा कि दैनिक जागरण ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई है। प्रशासन ने भी इस पर कार्रवाई शुरू कर दी है। अब वाहन चालकों को जागरूक होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि चूंकि अब सभी प्रमुख चौक चौराहों पर जेबरा क्रासिंग बन चुकी है तो अब इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस अभियान चलाएगी। जो भी वाहन चालक जेबरा क्रासिंग पर अपने वाहन खड़े करेगा, उनका चालान किया जाएगा। साथ ही पैदल चालकों को भी जागरूक किया जाएगा। शहर के सभी चौराहों पर बनाई जेबरा क्रासिंग: मुख्य अभियंता नगर निगम के मुख्य अभियंता एनके कटारा ने कहा कि दैनिक जागरण ने अपने अभियान के माध्यम से पैदल चालकों की एक बड़ी समस्या को उजागर किया है।