सेक्टर-55 में रहने वाले कांग्रेसी नेता उमेश पंडित को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में नामजद उत्तर प्रदेश के कुख्यात बदमाश मोहन श्याम को पुलिस टीम ने पलवल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शुक्रवार सुबह अदालत में पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सेक्टर-55 के मकान नंबर 1410 में रहने वाले उमेश पंडित ने 20 अक्टूबर, 2011 को थाना सेक्टर-55 में मथुरा के थाना बरसाना क्षेत्र के गांव भरना खुर्द में रहने वाले मोहन श्याम व उसके एक अन्य साथी अजय शर्मा के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। उमेश पंडित और मोहन श्याम के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। उमेश पंडित ने मामला दर्ज होने के बाद आरोपियों को पकड़ने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। पुलिस की निष्क्रिय कार्यशैली को लेकर उन्होंने कई बार पुलिस आयुक्त शत्रुजीत सिंह कपूर से शिकायत भी की थी। पुलिस आयुक्त ने यह मामला जांच के लिए सीआइए सेक्टर-30 प्रभारी रणबीर सिंह को सौंपा था। सीआइए प्रभारी ने यह मामला एएसआई सुमेर सिंह को सौंप दिया। सुमेर सिंह अपनी टीम के साथ दोनों आरोपियों के पीछे काफी दिनों से लगे हुए थे। बृहस्पतिवार की शाम सुमेर सिंह को एक मुखबिर ने सूचना दी कि मोहन श्याम पलवल बस स्टैंड के पास किसी का इंतजार कर रहा है। वह मथुरा की तरफ जाएगा। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बगैर देरी किए पलवल स्टैंड के आसपास घेराबंदी कर ली। मोहन श्याम को बस स्टैंड के बाहर वाहन का इंतजार करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। मोहन श्याम को जिला अदालत में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी वीरेंद्र मलिक की अदालत में पेश किया गया। श्री मलिक ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।